नई दिल्ली, 10 जुलाई, (वीएनआई) भारत के लिटिल मास्टर के नाम से विख्यात पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर आज अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन पर क्रिकेट जगत से लेकर तमाम हस्तियां और उनके चाहने वाले उनको जन्मदिन की शुभकामनाये दे रहे है।
10 जुलाई 1949 को मुंबई के पुरंदरिया अस्पताल में जन्मे सुनील गावस्कर को क्रिकेट इतिहास के महान बल्लेबाजों में गिना जाता है। वर्ष 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट पदार्पण करने वाले गावस्कर ने अपनी पहली सीरीज के दौरान ही उन्होंने 4 शतक और 3 अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की। सुनील गावस्कर की गिनती 70-80 के दशक के दौरान दुनिया के शीर्ष बल्लेबाजों में की जाती है। वह भारत के लिए कई मौकों पर बेहतरीन पारियां खेलने में सफल रहे थे। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे पहले 10 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। उन्होंने 7 मार्च 1987 को पाकिस्तान के खिलाफ ये कारनामा किया था। वहीं टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक 34 शतक बनाने का रिकॉर्ड भी लंबे समय तक सुनील गावस्कर के नाम दर्ज था। साल 2005 में सचिन तेंदुलकर ने सुनील गावस्कर के इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। इसके आलावा मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम और वेस्टइंडीज के पोर्ट ऑफ स्पेन में लगातार चार शतक लगाने का रिकॉर्ड आज भी सुनील गावस्कर के नाम दर्ज है। जिसे कोई भी बल्लेबाज़ अभी तक नहीं तोड़ पाया है। वह दुनिया के तीसरे और भारत के ऐसे पहले टेस्ट कप्तान है जिन्होंने एक सीरीज में सबसे ज्यादा 732 रन बनाये।
गावस्कर ने भारत के लिए 1974 इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, हालांकि उस दौरान टेस्ट क्रिकेट ज्यादा खेली जाती थी। फिर भी उन्होंने भारत के लिए 108 एकदिवसीय मैच खेले और वर्ष 1983 में कपिल देव की अगुवाई वाली विश्वकप विजेता टीम के वह सदस्य रहे है। गावस्कर ने भारत के लिए 125 टेस्ट और 108 वनडे मैच खेले है, जिसमे उन्होंने खेले 125 टेस्ट मैचों में 34 शतक और 45 अर्धशतक की मदद से 10,122 रन बनाए। जबकि 108 एकदिवसीय मैचों में उन्होंने एकमात्र शतक और 27 अर्धशतक की मदद से 3092 रन बनाये। इसके आलावा उन्हें क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन अवार्ड और पदम् भूषण से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2009 में वह आईसीसी हॉल ऑफ़ फेम से भी सम्मानित हो चुके है। क्रिकेट के मैदान से दूर होने के बाद वह क्रिकेट एक्सपर्ट और क्रिकेट कमेंट्रेटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे है।
No comments found. Be a first comment here!