देशभर में महाशिवरात्रि की धूम, शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु

By Shobhna Jain | Posted on 24th Feb 2017 | देश
altimg
नई दिल्ली, 24 फरवरी । देशभर में आज महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाई जा रही है। इस विशेष अवसर पर हर राज्य के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। महाशिवरात्रि पर देशवासियों को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल रामनाथ कोविंद, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल ओ.पी. कोहली ने भी शिवभक्तों को बधाई दी है। मध्यप्रदेश के शिवालयों में पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों का दौर जारी है। भोजपुर शिव मंदिर से लेकर महाकाल के दरबार और अन्य शिवालयों में अलस्सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इसी तरह 12 ज्योतिर्लिगों में से एक उज्जैन के महाकाल के दरबार में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगने लगीं। भस्मारती के बाद महाकाल के पट 44 घंटों के लिए खुल गए। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी में भी महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंडी में पर्व के मुख्य आयोजक उपायुक्त संदीप कदम ने आईएएनएस से कहा कि यहां सप्ताह भर चलने वाला शिवरात्रि मेला शनिवार से शुरू होगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे और राज्यपाल आचार्य देवव्रत आखिरी दिन दो मार्च को समारोह में शामिल होंगे। बिहार में राजधानी पटना सहित पूरे राज्य के शिवालय फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी के दिन भक्तों के हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहे हैं। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में पूजन, जलाभिषेक, रूद्राभिषेक के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर, मिथिला क्षेत्र के मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर मंदिर, मधुबनी जिले के कपिलेश्वर मंदिर, शिवनगर गांव स्थित गांडीवेश्वर मंदिर और लोहना स्थित विदेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा है। सिमली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। कई शिवालयों और मंदिरों में अखंड कीर्तन, जलाभिषेक और रूद्राभिषेक का अनुष्ठान हो रहा है। महाशिवरात्रि के मौके पर अशोक नगर में भी तांडव नृत्य के साथ शिवजी के जीवनी पर नृत्य नाटिका का कार्यक्रम है। आचार्य जयकुमार पाठक के मुताबिक, इस वर्ष महाशिवरात्रि विशेष संयोग लेकर आया है, जो सभी के लिए शुभ फल देने वाला है। महाशिवरात्रि पर्व इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग भी इस दिन बना रहा है, जो सभी के लिए शुभ फलदायी रहेगा।" झारखंड के देवघर स्थित रावणेश्वर बाबा धाम और वासुकीनाथ मंदिर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। ओड़िशा में भी महाशिवरात्रि का उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्यभर के मंदिरों में हजारों भक्त भगवान शिव के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। खासकर जगन्नाथ पुरी में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं।आईएएनएस
सम्बंधित खबरें

Leave a Comment:
Name*
Email*
City*
Comment*
Captcha*     8 + 4 =

No comments found. Be a first comment here!

ताजा खबरें

Connect with Social

प्रचलित खबरें

© 2020 VNI News. All Rights Reserved. Designed & Developed by protocom india