रियो ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम अंतिम 3 सेकेंड में हुए गोल से हारी

By Shobhna Jain | Posted on 8th Aug 2016 | खेल
altimg
रियो डी जेनेरियो, 8 अगस्त (वीएनआई)। रियो ओलम्पिक में ओलम्पिक हॉकी सेंटर में खेले गए पूल मैच में आज मौजूदा चैम्पियन जर्मनी ने खेल खत्म होने से तीन सेकेंड पहले किए गए गोल की मदद से भारतीय हॉकी टीम को 2-1 से हरा दिया। मैच में जर्मनी के क्रिस्टोफर रूर ने अपनी टीम के लिए विजयी गोल किया। जर्मनी की ओर से निकलास वेलेन ने 18वें मिनट में एक बेहतरीन फील्ड गोल किया और भारत की तरफ से 23वें मिनट में रुपिंदर पाल सिंह ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल करते हुए स्कोर बराबर कर लिया। ओलम्पिक में भारत की जर्मनी के खिलाफ यह चौथी हार है। भारत ने मैच के 12वें मिनट में जर्मनी के खेमे में आक्रमण किया। आकाशदीप ने शानदार तरीके से गेंद निक्किन थमैया को पास की जिन्होंने गोलपोस्ट की तरफ रिवर्स शॉट मारा, लेकिन जर्मनी के गोलकीपर निकोलस जैकोबि ने शानदार बचाव किया और गोल नहीं होने दिया। दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने गोल करते हुए बढ़त हासिल कर ली। लिनस बट ने बाईं ओर से गेंद वेलेने को दी जिन्होंने डिफेंडर सुरेन्द्र कुमार और गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को छकाते हुए बढ़त ले ली। एशियाई चैम्पियन भारत ने जल्दी पलटवार करते हुए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया। रुपिंदर ने शानदार तरीके से गेंद को गोलपोस्ट के बाएं कोने में डाल स्कोर 1-1 कर दिया। यह इस टूनार्मेंट में रुपिंदर का तीसरा गोल है। रुपिंदर ने आयरलैंड के खिलाफ मिली जीत में दो गोल किए थे। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि भारतीय टीम ने यहां कुछ मौके जरूर गंवाए। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम जर्मनी पर हावी दिखी। भारत को इस दौरान एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार रुपिंदर की किस्मत ने साथ नहीं दिया और जर्मन गोलकीपर ने गेंद को बाहर कर दिया। अंतिम क्वार्टर में जर्मनी ने वापसी की और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन जर्मनी के मोरिट्ज फुर्सटे के शॉट को सुरेन्द्र ने बाहर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के कई नाकाम प्रयास किए। ऐसा लग रहा था कि भारत मौजूदा चैम्पियन को बराबरी पर रोक दिया है लेकिन अंत में गोलपोस्ट के पास खड़े क्रिस्टोफर ने फ्री हिट को अपनी हॉकी के इशारे गेंद को गोलपोस्ट में डाल भारतीय खेमे को मायूस किया। भारत को अपने तीसरे पूल मैच में मंगलावर को अर्जेटीना से भिड़ना है।

Leave a Comment:
Name*
Email*
City*
Comment*
Captcha*     8 + 4 =

No comments found. Be a first comment here!

ताजा खबरें

Thought of the Day
Posted on 6th Apr 2025

Connect with Social

प्रचलित खबरें

रौशन राह
Posted on 26th Oct 2016
Today in History
Posted on 18th Nov 2024
© 2020 VNI News. All Rights Reserved. Designed & Developed by protocom india