नई दिल्ली, 26 अगस्त, (वीएनआई) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सभी देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी है।
रक्षाबंधन का त्यौहार श्रावण महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है। आम प्रथा के अनुसार इस मौके पर बहनें अपने भाई की दाहिनी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और भाई बदले में बहन को उपहार के रूप में सदा उसकी रक्षा करने का वचन देता है। राखी में रक्षासूत्र का सबसे अधिक महत्व है। राखी कच्चे सूत जैसे सस्ती वस्तु से लेकर रंगीन कलावे, रेशमी धागे, सोने या चांदी जैसी मंहगी वस्तु तक की हो सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा सभी देशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वहीं रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर राष्टपति कोविंद ने कहा रक्षा बंधन के पावन अवसर पर, मैं भारत एवं विदेश में अपने सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। रक्षा बंधन भाईयों और बहनों के बीच एक अनूठे संबंध का त्यौहार है। रक्षा बंधन भाईयों और बहनों के बीच प्रेम, स्नेह एवं आपसी विश्वास का प्रतीक है। ईश्वर करे, इस त्यौहार की भावना भ्रातृभाव को और शक्ति दे एवं हमें महिलाओं, विशेष रूप से लड़कियों की सुरक्षा एवं मर्यादा के प्रति सार्वभौमिक सम्मान द्वारा परिभाषित समाज में जीने के लिए प्रेरित करे।’
No comments found. Be a first comment here!