नई दिल्ली, 29 सितम्बर, (वीएनआई) दुनिया के सबसे बड़े सर्च ईंजन गूगल ने आज अपना डूडल भारत की प्रतिष्ठित अभिनेत्री और नृत्यांगना जोहरा सहगल को समर्पित किया है।
जोहरा पहली ऐसी भारतीय महिला थीं जिन्होंने अपनी कला के दम पर विश्व स्तर पर एक अलग पहचान बनाई थी। वहीं जोहरा सहगल पर बनाया गया आज का सुंन्दर सा डूडल पार्वती पिल्लई ने डिजाइन किया है। इस डूडल में पर्पल कलर की साड़ी में जोहरा क्लासिकल डांस करती हुई नजर आ रही हैं। गौरतलब है आज ना तो जोहरा का जन्मदिन है और ना ही पुण्यतिथि है, लेकिन फिर भी गूगल ने आज उनका डूडल इसलिए बनाया, क्योकि जोहरा की बहुत चर्चित फिल्म 'नीचा नगर' आज के ही दिन साल 1946 में रिलीज हुई थी, जोहरा ने इप्टा की मदद से बनी चेतन आनंद की इस फिल्म में यादगार अभिनय किया था। वहीं कान फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली यह पहली भारतीय फिल्म थी।
27 अप्रैल, 1912 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जन्मी देहरादून के पास चकराता में पली-बढ़ीं जोहरा पहली ऐसी भारतीय थीं, जिन्होंने सबसे पहले अंतर्राष्ट्रीय मंच का अनुभव किया। पद्म विभूषण से सम्मानित वयोवृद्ध अभिनेत्री ने 'हम दिल दे चुके सनम', 'दिल से', 'चीनी कम' और 'सांवरिया' जैसी 20 से अधिक बॉलीवुड फिल्मों में काम किया था, उनकी आखिरी फिल्म 'सांवरिया' थी।। जोहरा सहगल ने अपना करियर कोरियोग्राफर के रूप में शुरू किया था। जोहरा ने कई टीवी शो में भी काम किया था। जबकि 102 साल की आयु में जोहरा सहगल ने 10 जुलाई 2014 को दुनिया को अलविदा कहा था।
No comments found. Be a first comment here!