मुंबई, 26 फरवरी ।(वीएनआई) चर्चित सरोद वादक अमान अली बंगश का कहना है कि भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए बॉलीवुड बेहद व्यावसायिक है। साथ ही उन्होंने फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली के साथ काम करने की इच्छा जताई।
अमान ने आईएएनएस को बताया, "भारतीय शास्त्रीय संगीत को एक खास जगह देने के लिए बॉलीवुड बेहद व्यावसायिक है। एक समय था, जब फिल्मी गीतों में शास्त्रीय संगीत का पुट होता था। जैसे फिल्म 'मुगले-ए-आजम', क्योंकि उस समय के फिल्म निर्माताओं को शास्त्रीय संगीत का ज्ञान था। हालांकि, यह कहानी पर भी निर्भर करता है।"
किसी बॉलीवुड फिल्म निर्माता के साथ काम करने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि संजय लीला भंसाली को संगीत की अच्छी समझ है, जिसे वह अपनी फिल्मों में बढ़ावा देते हैं। हां, मैं उनके साथ काम करना पसंद करूंगा।"
अमान के अनुसार, सचाई यह है कि शास्त्रीय संगीत अन्य शैलियों से प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहा है।
अमान ने कहा, "भारत में सभी प्रकार की संगीत की तुलना बॉलीवुड से की जाती है, लेकिन क्यों? क्या हम दुनिया में केवल बॉलीवुड के लिए जाने जाते हैं? हां, हम केवल अपने सिनेमा के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हम अपने संगीत, साहित्य, ललित कला इत्यादि के लिए भी जाने जाते हैं।"
उन्होंने कहा, "लोकप्रिय रूपों का पारंपरिक रूपों से तुलना करने का कोई मतलब नहीं है। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि वह इसके बारे में नहीं जानते। इस कारण हमें युवाओं को शास्त्रीय संगीत के बारे में बताना चाहिए।"
मन में यही सोच रखते हुए, उन्होंने अपने पिता दिग्गज सरोदवादक उस्ताद अमजद अली खान और रबाब प्लेयर दाउद खान सदोजाई के सहयोग से भाई अयान के साथ अलबम 'जर्नी : रबाब टू सरोद' बनाया।
उन्होंने कहा, "संगीतकार के रूप में सभी कठिन मेहनत करते हैं। सफलता आपके हाथ में नहीं, भगवान के हाथ में है। मुझे खुशी होती है, जब दूसरे संगीतकार अच्छा करते हैं, क्योंकि मैं जानता हूं यह कितना कठिन होता है।"