लखनऊ, 25 जुलाई, (वीएनआई) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज शिक्षा मित्रो के आंदोलन की बरसी पर भाजपा पर तीखा हमला बोला। लखनऊ में आज शिक्षामित्रों नेशिक्षामित्रों ने समायोजन रद्द होने के एक साल पूरा होने पर विरोध स्वरूप अपना सिर मुंडवाकर काला दिवस मनाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों के आंदोलन की बरसी पर इस तरह केश त्यागना वास्तव में भाजपा में विश्वास का त्याग है। अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों के लखनऊ में विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'हमने जिन शिक्षामित्रों को शिक्षक बना कर रोजगार व शिक्षातंत्र को सशक्त करा था, उन्हें भाजपा ने आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया है। आंदोलन की बरसी पर महिला-पुरुष शिक्षामित्रों का केश त्यागना वस्तुत: भाजपा में विश्वास का भी त्याग है। शिक्षामित्रों के हर संघर्ष में समाजवादी साथ हैं।' गौरतलब है कि आज ही के दिन 25 जुलाई 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने 1.70 लाख शिक्षा मित्रों का समायोजन रद्द कर दिया था।
No comments found. Be a first comment here!