प्रधानमंत्री मोदी का आज है जन्मदिन, राष्ट्रपति और गृहमंत्री ने दी बधाई

By Shobhna Jain | Posted on 17th Sep 2021 | देश
altimg

नई दिल्ली,17 सितंबर, (वीएनआई) भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 71वां जन्मदिन है, इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पक्ष-विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

राष्ट्रपति कोविंद ने लिखा,  'भारत के प्रधानमंत्री श्री @narendramodi को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्‍छा है कि आप स्‍वस्‍थ रहें और दीर्घायु प्राप्‍त कर 'अहर्निशं सेवामहे' की अपनी सर्वविदित भावना के साथ राष्‍ट्र सेवा का कार्य करते रहें।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर लिखा, ' प्रधानमंत्री श्री नरेंद्रभाई मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! राष्ट्र की सेवा में समर्पित आपके स्वस्थ, सुदीर्घ यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।'

गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, 'देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री @narendramodi जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मोदी जी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया। मोदी जी के रूप में देश को एक ऐसा सशक्त व निर्णायक नेतृत्व मिला है, जिसने दशकों से अपने अधिकारों से वंचित करोड़ों गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर न सिर्फ उन्हें समाज में गरिमामयी जीवन दिया बल्कि अपने अथक परिश्रम से विश्वभर को यह दिखाया कि एक प्रजावत्सल नेतृत्व कैसा होता है।'

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'मोदी जी ने सुरक्षा, गरीब-कल्याण, विकास व ऐतिहासिक सुधारों के समांतर समन्वय का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।@narendramodi जी के संकल्प व समर्पण ने देशवासियों में एक नई ऊर्जा व आत्मविश्वास पैदा किया है, जिससे आज देश नित नए कीर्तिमान स्थापित कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। मोदी जी के जीवन का क्षण-क्षण गरीबों, किसानों व वंचितों की सेवा में समर्पित है।मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि आप मोदी जी के जन्मदिवस पर @BJP4India के #SevaSamarpan के अंतर्गत सेवा कार्यों में भाग लें और साथ ही भाजपा सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा, 'भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। अपने निर्णय लेने की क्षमता, कल्पनाशीलता और दूरदृष्टि के लिए विख्यात मोदीजी ने भारत को एक 'आत्मनिर्भर भारत' का स्वरूप देने का जो संकल्प लिया है, वह उनके विज़न और प्रबल इच्छाशक्ति का प्रतीक है। अपने अब तक के कार्यकाल में प्रधानमंत्रीजी ने विकास और सुशासन के कई नए अध्याय लिखे हैं। भारत को सशक्त, समृद्ध और स्वाभिमानी देश के रूप में विकसित करने का उनका स्वप्न पूरा हो, उनके जन्मदिन पर यही शुभकामना है। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य एवं लम्बी आयु प्रदान करें।'

गौरतलब है भाजपा इस खास दिन को 'सेवा दिवस' के तौर पर मना रही है, वहीं भाजपा की ओर से कहा गया है कि आज से लेकर अगले 20 दिनों तक भाजपा पूरे देश में सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। 


Leave a Comment:
Name*
Email*
City*
Comment*
Captcha*     8 + 4 =

No comments found. Be a first comment here!

ताजा खबरें

Connect with Social

प्रचलित खबरें

altimg
Today in history

Posted on 22nd Dec 2022

© 2020 VNI News. All Rights Reserved. Designed & Developed by protocom india