नई दिल्ली, 9 अगस्त (वीएनआई) प्रधानमंत्री मोदी ने 'भारत छोड़ो' आंदोलन की ऐतिहासिक घटना के 76 साल पूरे होने के मौके पर औपनिवेशिक प्रशासकों द्वारा फाइल की गई एक रिपोर्ट का पेज शेयर किया है।
गौरतलब है 9 अगस्त का भारतीय इतिहास में खास महत्व है। इसी दिन 'अंग्रेजों भारत छोड़ो' आंदोलन की शुरूआत हुई थी। इस आंदोलन के बाद अंग्रेजों के खिलाफ देशभर से और भी आवाजें बुलंद हुईं और इसी का नतीजा था कि अंग्रेजों को भारत छोड़कर जाना पड़ा। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शेयर किए गए दस्तावेज इस बात का सबूत हैं कि किस प्रकार महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन के जरिए ब्रिटिश हुकूमत की ईंट से ईंट बजा दी थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इसी आंदोलन से संबधित कुछ कागजात शेयर किए हैं जिनसे मालूम होता है कि कौन सी घटना कब हुई। इन दस्तावेजों में मुंबई सिटी में गांधी और वर्किंग कमिटी के सदस्यों को गिरफ्तार किए जाने का जिक्र है जहां लोगों पर आंसू गैस के गोले भी दागे गए थे। पुलिस फायरिंग में 8 लोगों के मारे जाने और 44 लोगों के घायल होने की भी जानकारी इसमें मौजूद है। इन कागजों में आंदोलन के दौरान, यूपी में कांग्रेस के कई नेताओं की गिरफ्तारी का भी जिक्र है। बिहार में राजेंद्र प्रसाद और दूसरे नेताओं को गिरफ्तार किये जाने का जिक्र है। जबकि कई जगहों पर सभाओं का जिक्र है और इसके साथ ही पुलिस फायरिंग की घटनाओं की जानकारी भी मिलती है।
No comments found. Be a first comment here!