न्यूयॉर्क, 17 नवंबर, (वीएनआई) संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की बैठक में भारत ने पाकिस्तान को लताड़ लगाते हुए फौरन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर खाली करने को कहा है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की काउंसलर डॉ. काजल भट्ट ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कहा कि, अब इस बात को पूरी दुनिया जानती और समझती है कि, पाकिस्तान वो देश है, जो खुलेआम आतंकियों को समर्थन देता है और वो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मंच को भारत के खिलाफ प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए इस्तेमाल करता है। उन्होंने कहा कि, मैं भारत की स्थिति के बारे में स्पष्ट करना चाहूंगी कि, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर और लद्दाख हमेशा भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा थे। इसमें वे क्षेत्र शामिल हैं जो पाकिस्तान के अवैध कब्जे में हैं। हम मांग करते हैं कि, जिन क्षेत्रों पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है, उसे फौरन खाली करे।