तूफानी तेवर, ऐतिहासिक वार, वैभव का बल्ला बेमिसाल

By VNI India | Posted on 25th Nov 2026 | खेल
vaibhv 3

नई दिल्ली 25 नवम्बर (वीएनआई) 15 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के रूप मे भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा युवा सितारा मिल गया है, जिसकी बल्लेबाजी का अंदाज बड़े-बड़े दिग्गजों को भी हैरान कर रहा है। केवल 15 साल की उम्र में  ही वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसा बवंडर खड़ा किया है कि क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक के पन्ने लगातार बदल रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता, आत्मविश्वास और अद्भुत प्रतिभा का ऐसा संगम दिखाई देता है, जो उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग पहचान दिला रहा है।

एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दोहा यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित इस मुकाबले मेंभारत ए की ओर से खेलते हुए वैभव ने महज 5२ गेंदों में 204 रन ठोककर इतिहास रच दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी में 28 गगनचुंबी छक्के और सात चौके शामिल थे। उन्होंने केवल 28 गेंदों में शतक पूरा किया और इसके बाद रनों की रफ्तार और तेज कर दी।वैभव सूर्यवंशी अब लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं 

वैभव की इस पारी ने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य केवल 14.2 ओवर में हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, शतक, 150 रन और दोहरा शतक बनाने का कीर्तिमान भी स्थापित किया।

उनकी इस उपलब्धि की चर्चा केवल भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में भी हो रही है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और बेखौफ बल्लेबाजी की सराहना करते हुए बधाई दी। श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर एंजेलो मैथ्यूज ने भी 53 गेंदों में 204 रन बनाने को असाधारण उपलब्धि बताया। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि वैभव केवल रिकॉर्ड तोड़ नहीं रहे, बल्कि क्रिकेट का इतिहास नए सिरे से लिख रहे हैं।

वैभव की उपलब्धियों का सिलसिला इस दोहरे शतक से शुरू नहीं हुआ है। इससे पहले भी वह आईपीएल, घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके हैं। उनके नाम दर्ज रिकॉर्ड बताते हैं कि इतनी कम उम्र में उन्होंने क्रिकेट के कई स्थापित मानदंडों को पीछे छोड़ दिया है।

वैभव ने 28 अप्रैल 2025 को राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 14 साल और 32 दिन की उम्र में आईपीएल इतिहास का सबसे कम उम्र का शतक जड़ा था। उन्होंने केवल 35 गेंदों में शतक पूरा किया, जबकि 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया। इस तरह वह आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक और शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में वह दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाया था।

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार की ओर से खेलते हुए वैभव ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 84 गेंदों में 190 रन की आतिशी पारी खेली। उस समय उनकी उम्र महज 14 साल और 272 दिन थी। इसके साथ ही वह लिस्ट ए क्रिकेट में शतक बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने केवल 36 गेंदों में शतक और 59 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए थे। पुरुषों के लिस्ट ए क्रिकेट में 150 रन तक इतनी तेजी से पहुंचने का यह भी एक ऐतिहासिक कारनामा था।

वैभव की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत लंबे-लंबे छक्के लगाने की क्षमता है। टी20 क्रिकेट में उन्होंने केवल 514 गेंदों और 29 पारियों में 100 छक्के पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ वह टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों और सबसे कम पारियों में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

जून 2026 में श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। यह कीर्तिमान पिछले 21 वर्षों से कायम था।

आईपीएल में भी वैभव ने अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार से इतिहास रचा। उन्होंने केवल 440 गेंदों का सामना करके 1,000 रन पूरे कर लिए। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में 47 गेंदों पर 96 रन की उनकी शानदार पारी इस उपलब्धि की गवाह बनी। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल के नाम था, जिन्होंने 545 गेंदों में आईपीएल के 1,000 रन पूरे किए थे।

आईपीएल 2026 में तो वैभव ने छक्कों की ऐसी बारिश की कि दिग्गज क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी पीछे छूट गया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 327 गेंदों का सामना करते हुए 72 छक्के लगाए और कुल 776 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप से सम्मानित किया गया। गेल ने आईपीएल 2012 में एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे।

वैभव का अंतरराष्ट्रीय सफर भी कई यादगार उपलब्धियों से भरा है। इंग्लैंड दौरे पर शुरुआती मुश्किलों के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार वापसी की। महज 15 साल और 118 दिन की उम्र में उन्होंने 18 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड बना दिया।

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की। वैभव ने इस सीरीज में 151 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 196.10 रहा। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उस समय उनकी उम्र केवल 15 साल और 121 दिन थी। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इससे पहले महिला क्रिकेट में यह उपलब्धि भारत की शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज के नाम थी।

वैभव सूर्यवंशी की कहानी केवल एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस जुनून, मेहनत और निडर सोच की मिसाल है, जो उम्र की सीमाओं को चुनौती देती है। जिस उम्र में बच्चे क्रिकेट के गुर सीख रहे होते हैं, उस उम्र में वैभव विश्व रिकॉर्ड बना रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में भविष्य के एक बड़े सुपरस्टार की झलक दिखाई देती है। जिस रफ्तार से वैभव आगे बढ़ रहे हैं, उससे उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले वर्षों में उनकी रिकॉर्ड बुक और भी लंबी होने वाली है।


Leave a Comment:
Name*
Email*
City*
Comment*
Captcha*     8 + 4 =

No comments found. Be a first comment here!

© 2020 VNI News. All Rights Reserved. Designed & Developed by protocom india