प्रधानमंत्री मोदी ने कहा नकारात्मक राजनीति से उबे लोगों को अब राजग पर भरोसा

By Shobhna Jain | Posted on 3rd Mar 2018 | राजनीति
altimg

नई दिल्ली, 3 मार्च (वीएनआई)| प्रधानमंत्री मोदी ने आज पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने पर कहा कि लोग नकारात्मक व विनाशकारी राजनीति से उब चुके हैं और उनको अब सिर्फ राजग के सकारात्मक व विकासपरक एजेंडा पर भरोसा है। 

त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर अपने श्रंखलाबद्ध ट्वीट में मोदी ने कहा, बार-बार, चुनाव दर चुनाव भारत के लोग राजग के सकारात्मक व विकासपरक एजेंडे पर भरोसा जता रहे हैं। लोगों के पास अब नकरात्मक, विनाशकारी और असंगत राजनीति के लिए न तो समय है और न कोई सम्मान। उन्होंने कहा कि मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के लोगों ने जवाब दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं इन राज्यों की जनता को सुशासन के एजेंडे और भाजपा व हमारे सहयोगियों की एक्ट ईस्ट पॉलिसी को समर्थन देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हम लोगों के सपनों व आकांक्षों को पूरा करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में पार्टी की जीत कोई साधारण जीत नहीं है बल्कि क्रूरता और भय के ऊपर लोकतंत्र का विजय है। मोदी ने कहा, भाजपा की जीत कोई साधारण चुनावी जीत नहीं है। शून्य से शिखर तक की यात्रा ठोस विकास के एजेंडे और हमारे संगठन की शक्ति की बदौलत संभव हो पाया है। मैं जमीनी स्तर पर कठिन परिश्रम करने वाले हर भाजपा कार्यकर्ता का अभिवादन करता हूं। उन्होंने कहा, त्रिपुरा में ऐतिहासिक विजय विचारधारा की जीत है। यह क्रूरता व भय के ऊपर लोकतंत्र की जीत है। आज डर भय पर शांति व अहिंसा से जीत हासिल हुई है। मैं त्रिपुरा को अच्छी सरकार दूंगा जिसकी उसे जरूरत है। उन्होंने त्रिपुरा चुनाव को महत्वपूर्ण बताया और कहा,  त्रिपुरा के मेरे भाइयों और बहनों ने जो कर दिखाया है वह असाधारण है। भाजपा को दिए अदभुत जनादेश के लिए उनका आभार जताने के लिए कोई भी शब्द कम होगा। भारतीय जनता पार्टी पहली बार त्रिपुरा में सत्ताधारी भाकपा-माकपा की सरकार को हराकर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव के लिए 18 फरवरी को मतदान हुआ था। 

प्रधानमंत्री ने नागालैंड के लोगों को भी भाजपा और इसके सहयोगी नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) को राज्य में समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया। वहां 27 फरवरी को मतदान हुआ था। मोदी ने कहा, भाजपा व इसके प्रमुख सहयोगी को समर्थन देने के लिए नागालैंड की जनता को धन्यवाद। मैं नागालैंड के अपने भाई और बहनों को आश्वस्त करता हूं कि हम नागालैंड की प्रगति व समृद्धि के लिए काम करेंगे। मैं भाजना की स्थानीय इकाई के अथक परिश्रम की प्रशंसा करता हूं। भाजपा यहां नवगठित पार्टी एनडीपीपी के साथ मिलकर गठबंधन में चुनाव में उतरी थी। भाजपा व एनडीपीपी क्रमश: 20 और 40 सीटों पर चुनाव लड़े थे। मतदान कुल 60 सीटों में से 59 सीटों पर हुए जबकि तीन बार मुख्यमंत्री रहे नीफियू रियो बतौर एनडीपीपी उम्मीदवार उत्तरी अंगामी-2 विधानसभा क्षेत्र से निर्विरोध निर्वाचित हुए। मोदी ने मेघालय की जनता का भी आभार जताया और कहा कि राज्य की भलाई सबसे महत्वपूर्ण है। मोदी ने कहा, मैं मेघालय की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया है। हमारे लिए मेघालय की खुशहाली सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। मैं राज्य में लोगों की सेवा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की अनवरत कोशिशों के लिए उनकी सराहना करता हूं। मेघालय में 27 फरवरी को प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर मतदान हुए थे। एक सीट पर उम्मीदवार की हत्या के कारण मतदान रद्द हो गया था। 


Leave a Comment:
Name*
Email*
City*
Comment*
Captcha*     8 + 4 =

No comments found. Be a first comment here!

ताजा खबरें

Connect with Social

प्रचलित खबरें

altimg
एक योजना

Posted on 25th Apr 2017

© 2020 VNI News. All Rights Reserved. Designed & Developed by protocom india