नई दिल्ली, 29 जून, (वीएनआई) चीन के साथ सीमा विवाद के बाद से कांग्रेस और भाजपा में जारी आरोप प्रत्यारोप के बीच आज कांग्रेस के राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा ने कहा है कि मोदी सरकार को चाहिए कि चीन के साथ सीमा पर जारी तनाव, कोरोना वायरस महामारी और अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर ध्यान दे ना कि कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगाए।
आनंद शर्मा ने कहा, देश के सामने आई चुनौतियों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार कांग्रेस को निशाना बनाने पर ज्यादा ध्यान दे रही है। इस साल की जब हम बात करते हैं तो देखिए कि हमारी सीमाओं पर क्या चल रहा है, हम किन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। सीमा का मामला कोई दो राजनीतिक पार्टियों के बीच का मामला नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मसला है। हम मोदी सरकार से कहना चाहते हैं कि हमारी पार्टी की चिंता कम कर दें और कोरोना वायरस महामारी और चीन जो हमलावर रुख दिखा रहा है, उससे निपटने पर ध्यान दे। यह एक अप्रत्याशित स्थिति है, सरकार को फैसलों के बारे में संसद को और देश को जानकारी देनी चाहिए।
गौरतलब है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अपने एक साक्षात्कार में हाल ही में कहा था कि इंदिरा गांधी के बाद आज तक गांधी परिवार के बाहर का नेता पार्टी का अध्यक्ष नहीं बना। जिसपर कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा, यह बात सही है कि काफी लंबे समय से कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष गांधी परिवार से रहा है लेकिन ये भी सच है कि राजीव गांधी के बाद हमारे यहां सीताराम केसरी और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव भी पार्टी अध्यक्ष रहे हैं। अमित शाह को कांग्रेस की चिंता नहीं करनी चाहिए।