चंडीगढ़, 2 अक्टूबर (वीएनआई)| खालिस्तानी आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा के चार संदिग्ध आतंकवादियों को पंजाब के लुधियाना जिले में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आज बताया कि शनिवार को गिरफ्तार हुए बब्बर खालसा के सात सदस्यों से पूछताछ के बाद इन्हें दबोचा गया है। इन सातों सदस्यों के पास से तीन बंदूकें और कुछ गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। लुधियाना पुलिस आयुक्त आर.एन. ढोके ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि समूह ने खालिस्तानी विचारधारा और कट्टरपंथी सिख संगठनों का विरोध करने वालों और इनके खिलाफ लिखने वालों पर हमला करने की योजना बनाई थी। गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों के तार कथित तौर पर सुरिंदर सिंह बब्बर से जुड़े हैं और इन्हें सुरिंदर सिंह ही धन मुहैया कराता था। ढोके ने कहा कि सुरिंदर सिंह बब्बर संगठन के सदस्यों को पैसा और हथियार मुहैया करा रहा था। वह लंदन में रह रहा है।
No comments found. Be a first comment here!