मुंबई अग्निकांड पर बॉलीवुड हस्तियों ने दुख जताया

By Shobhna Jain | Posted on 29th Dec 2017 | मनोरंजन
altimg

मुंबई, 29 दिसम्बर (वीएनआई)| मुंबई के एक पब में लगी भीषण आग में 14 लोगों के मारे जाने की घटना पर फिल्मकार अशोक पंडित, अजय देवगन, राजकुमार राव सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने आज शोक व्यक्त किया है। 

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) आपदा नियंत्रण के के अनुसार, आग शुक्रवार रात 12.30 बजे के आसपास कमला ट्रेड हाउस की छत पर बने रेस्तरां मोजो बिस्त्रो में लगी। आग लगने के कारण 14 लोग मारे गए, जिनमें 11 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में अन्य 23 लोग घायल हो गए हैं। 

अशोक पंडित ने ट्विटर पर कानून के प्रति डर कम होने के कारण बार-बार होने वाली मानवी त्रासदियों पर अपनी निराशा जाहिर की और बीएमसी के अधिकारियों पर 'भ्रष्ट' होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, बीएमसी और अन्य विभागों के भ्रष्ट अधिकारियों की वजह से ऐसी घटनाएं होती हैं। रिश्वत लेने के बाद वे अवैध निर्माण और अवैध रूप से इमारतों में खाना बनाने की अनुमति दे देते हैं। इनमें से कोई भी कानून से नहीं डरता है, क्योंकि उन्हें पता है कि वे आजाद हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा, "मुंबई के नागरिक गैरकानूनी भोजनालयों द्वारा सड़कों पर गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग के खिलाफ लड़ रहे हैं, लेकिन वे असफल हो जाते हैं। क्योंकि बीएमसी अधिकारियों को नियमित रूप से रिश्वत मिलती है। इसके बाद हम मानव त्रासदियों का इंतजार करते हैं उन्होंने कहा, यह पहली बार नहीं है कि ऐसी त्रासदी हुई है। हमने बहुत सारी निर्दोष जिंदगियां खोई हैं, लेकिन कुछ भी बदला नहीं है। यह कुछ घंटों तक सुर्खियों में रहता है, जब तक कि यही हादसा किसी अन्य स्थान पर फिर से नहीं हो जाता है। उन्होंने कहा कि कमला मिल्स परिसर में अनियमितता के लिए सभी बीएमसी अधिकारी इस त्रासदी के लिए जवाबदेह हैं और उन्हें दंडित किया जाना चाहिए। 

अजय देवगन ने कहा, "कमला मिल्स त्रासदी के पीड़ितों के लिए मेरी दिली संवेदनाएं।"

राजकुमार राव ने कहा, "कमला मिल्स आग की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। इस आग में अपनी जान गंवाने वालों के प्रति मेरी दिली संवेदनाएं।" 

फरहान अख्तर ने कहा, "कमला मिल्स आग और इसमें मरने वालों की खबर सुनकर दुख हुआ। सभी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं। शहर के सुरक्षा नियमों को मजबूत बनाना और उनका पालन करना जरूरी है।"


Leave a Comment:
Name*
Email*
City*
Comment*
Captcha*     8 + 4 =

No comments found. Be a first comment here!

ताजा खबरें

Connect with Social

प्रचलित खबरें

© 2020 VNI News. All Rights Reserved. Designed & Developed by protocom india