नई दिल्ली, 17 सिंतबर, (वीएनआई) प्रधानमंत्री मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खास अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। गौरतलब है कि दोनों नेताओं के संदेश ऐसे समय आए हैं, जब रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिकी प्रतिबंधों का दबाव बढ़ रहा है।
भारत में रूसी दूतावास ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बधाई संदेश साझा किया, जिसमें पुतिन ने कहा, आपको अपने देश के लोगों का गहरा सम्मान हासिल है। वैश्विक मंच पर भी आपका प्रभाव और प्रतिष्ठा काफी मजबूत है। भारत और रूस के बीच खास और विशेषाधिकार वाली रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में आपके व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में पूरी तरह बयां करना मुश्किल है। उन्होंने पीएम मोदी की राजनीतिक समझ और भविष्य को लेकर उनकी सोच की भी सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी से बातचीत करना हमेशा सुखद अनुभव रहता है। दोनों नेताओं के बीच हालिया चर्चा ने एक बार फिर प्रधानमंत्री की असाधारण राजनीतिक सूझबूझ और दूरदर्शिता को सामने रखा है।
अमेरिकी दूतावास ने भी एक्स पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से संदेश साझा करते हुए लिखा, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हम आपके आने वाले साल में अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों की कामना करते हैं।
No comments found. Be a first comment here!