नई दिल्ली, 15 अक्टूबर, (वीएनआई) प्रधानमंत्री मोदी ने आज एशियाई खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी उपलब्धियों की तारीफ की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने उन्हें कई यादगार तोहफे दिए, जिनमें एक युवा तीरंदाज का तोहफा खास रहा। इस कार्यक्रम में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी जीत केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि पूरे देश की उपलब्धि है। उन्होंने खासतौर पर महिला खिलाड़ियों की सराहना की, जिन्होंने इस बार भारत के कुल पदकों में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से देश के 140 करोड़ लोगों को गर्व करने का मौका दिया है। किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ी सफलता देश के तिरंगे को ऊंचा लहराना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता केवल उनकी अपनी नहीं होती, बल्कि उससे करोड़ों देशवासियों की भावनाएं जुड़ी होती हैं। उन्होंने पूरे देश की ओर से सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
No comments found. Be a first comment here!