नई दिल्ली, 23 अगस्त, (वीएनआई) चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिग से के बाद से इसरो के वैज्ञानिकों को देश भर से लोग बधाई दे रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के साथ राहुल गाँधी समेत अन्य नेता भी देश के वैज्ञानिकों की जमकर तारीफ कर उन्हें बधाई दे रहे है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा,, आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान में कहा, 'आज हम जो सफलता देख रहे हैं वो एक सामूहिक संकल्प, एक सामूहिक कामकाज है, एक सामूहिक टीम के प्रयास का नतीज़ा है। यह सिस्टम का नतीजा है, एक व्यक्ति का नहीं है।
बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर लिखा, चन्द्रयान-3 के चाँद पर सफल लैण्डिग कराकर भारत का नाम दुनिया भर में रौशन करने के लिए भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई। विज्ञान की प्रगति मानव कल्याण के लिए हो यह बहुत जरूरी। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह अभियान अपने मानवीय उद्देश्य में सफल होगा।
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने लिखा, ये ऐतिहासिक है। देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हम सबके लिए गर्व की बात है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, ISRO के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई।
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने लिखा, चन्द्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग कराकर देश ने अंतरिक्ष में एक नया इतिहास रच दिया है, जिस पर हर देशवासी गौरवान्वित है। यह इसरो के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। इसके लिए इसरो की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।
राजद नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने लिखा, चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंड कर लिया है। भारतीय वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में भारत को ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई। 1962 से देशहित में अंतरिक्ष कार्यक्रमों के लिए समर्पित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने चंद्रमा पर इतिहास रचा है। 140 करोड़ भारतीयों को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है।
इससे पहले ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने वहीं से चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग का पूरा प्रसारण देखा। इस सफलता पर उन्होंने कहा जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है। ये नए भारत का सूर्योदय है। उन्होंने तिरंगा लहराकर अपनी ख़ुशी को व्यक्त किया था।
भारत के चंद्रयान-3 सफल सॉफ्ट लैंडिंग के साथ साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने भारत वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। चंद्रयान-3 ने 41 दिन में 3.84 लाख किमी का सफर तय कर आज शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चाँद के साउथ पोल पर पहुंचकर नया इतिहास लिखा है। चंद्रमा की सतह पर उतरते समय यानी सॉफ्ट लैंडिंग के लिए लैंडर की स्पीड 1.68 मीटर प्रति सेकेंड थी। चंद्रयान-3 के लिए चार साल से इसरो के साढ़े 16 हजार वैज्ञानिक मेहनत कर रहे थे, वो आज पूरी हुई। इसके साथ ही चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग सफल होने के बाद रोवर 'प्रज्ञान' चांद पर उतरा। उसके पहिये चांद पर 'भारत का टैटू' बनाते आगे बढ़े। रोवर 'प्रज्ञान' के पिछले पहियों पर इसरो और भारत का राष्ट्रीय प्रतीक उकेरा गया है। गौरतलब है कि, चंद्रयान-3 14 जुलाई को 3 बजकर 35 मिनट पर आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया गया था।
No comments found. Be a first comment here!