नई दिल्ली, 27 दिसंबर (वीएनआई)। देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह धुंध छाई रही। दिन का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 बजे वायुमंडल में आद्र्रता का स्तर 97 प्रतिशत रहा। सफदरजंग इलाके में दृश्यता 400 मीटर और पालम में 200 मीटर रही।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, सुबह मध्यम से घने कोहरे के साथ दिनभर आसमान साफ रहेगा।दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री तक पहुंच सकता है।
राजधानी दिल्ली में बीते सोमवार का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।