नई दिल्ली, 15 जनवरी, (वीएनआई) कई देशों के राजदूत तबादले के बीच तरणजीत सिंह संधू को अमेरिका में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में श्रीलंका में भारत के राजदूत हैं।
अमेरिका के नए राजदूत तरणजीत सिंह संधू वॉशिंगटन डीसी के कूटनयिक गलियारों के लिए परिचित चेहरा हैं। इससे पहले 2013 से 2017 तक उन्होंने डेप्युटी चीफ ऑफ मिशन इन वॉशिंगटन की जिम्मेदारी निभाई है। वह अमेरिका में हर्षवर्धन श्रृंगला के स्थान पर नियुक्त किए गए हैं। श्रृंगला इसी सप्ताह भारत लौटकर आए हैं और वह अब विदेश सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। गौरतलब है कि भारत के मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले इस महीने के आखिरी में सेवानिवृत होनेवाले हैं। गोखले के स्थान पर श्रृंगला को नया विदेश सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके आलावा सिंगापुर में राजदूत जावेद अशरफ को फ्रांस का राजदूत नियुक्त किया गया है। वहीं फ्रांस के मौजूदा राजदूत विनय क्वात्रा नेपाल के राजदूत की जिम्मेदारी संभालेंगे। पिछले कुछ वर्षों में भारत और फ्रांस के बीच राजनयिक संबंध काफी प्रगाढ़ हुए हैं। जबकि नेपाल के मौजूदा राजदूत मनजीव सिंह पुरी हाल ही में सेवानिवृत हुए हैं।
No comments found. Be a first comment here!