नई दिल्ली 18 मार्च (वीएनआई ) महेंद्र सिंह धोनी, आज भी आईपीएल में अपने प्रशंसकों को रोमांचित कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकते सितारों में से एक, धोनी का 43 साल की उम्र में भी फिटनेस और खेल के प्रति जुनून देखते ही बनता है। ्मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से हाल ही में हरभजन सिंह की उनसे एक शादी समारोह में मुलाकात हुई, जहां उन्होंने धोनी की फिटनेस को देखकर हैरानी जताई।
्मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरभजन सिंह ने खुलासा किया कि धोनी को देखकर उन्हें यह सवाल पूछने का मन किया कि आखिर इस उम्र में भी वे इतने चुस्त-दुरुस्त कैसे बने हुए हैं। धोनी का जवाब उतना ही प्रेरणादायक था जितनी उनकी क्रिकेट यात्रा। उन्होंने कहा, "हां, यह मुश्किल है, लेकिन यही तो मैं करना चाहता हूं। मुझे इसमें खुशी मिलती है। जब तक अंदर से भूख होगी, तब तक सबकुछ संभव है।"
आईपीएल 2025 के लिए धोनी की तैयारी किसी युवा क्रिकेटर से कम नहीं। हरभजन ्के अनुसार धोनी पिछले दो-तीन महीनों से चेन्नई में हर दिन दो-तीन घंटे नेट्स में अभ्यास कर रहे हैं। वे सबसे पहले मैदान पर पहुंचते हैं और सबसे अंत में जाते हैं। यही उनकी सफलता का रहस्य है। उनके शॉट्स की टाइमिंग और ताकत उम्र के बढ़ने के बावजूद बरकरार है, और वे मैदान पर किसी भी गेंदबाज को चुनौती देने के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हरभजन के अलावा पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी धोनी की रणनीति पर रोशनी डाली। उन्होंने बताया कि कई प्रशंसक चाहते हैं कि धोनी ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करें, लेकिन धोनी खुद इस बात को लेकर स्पष्ट हैं कि वे लंबे समय तक बल्लेबाजी नहीं कर सकते। इसलिए वे तब क्रीज पर आते हैं जब टीम को उनके बड़े शॉट्स की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
गौरतलब है कि धोनी की विकेटकीपिंग कौशल भी आज के युवा क्रिकेटरों के लिए एक मिसाल है। आकाश चोपड़ा के मुताबिक, "मैंने किसी के हाथ धोनी से तेज नहीं देखे। अगर गेंद उनके पास गई तो बल्लेबाज के आउट होने की संभावना 9.5 बार में से 10 बार होती है। उनकी बिजली जैसी फुर्ती आज भी बरकरार है।"
आईपीएल 2025 में भी क्रिकेट प्रेमी धोनी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित हैं। उनकी मेहनत, समर्पण और अनुशासन आज भी उन्हें सबसे अलग बनाते हैं। उनकी इस गहरी प्रतिबद्धता को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, असली खेल जुनून और मेहनत का होता है।
No comments found. Be a first comment here!