नई दिल्ली, 14 मार्च (वीएनआई) देशभर में आज मनाये जा रहे रंगों के त्योहार होली के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और कई अन्य बड़े नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि 'रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।
प्रधानमंत्री मोदी ने होली की बधाई देते हुए लिखा, 'आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करे और देशवासियों की एकता को और मजबूत बनाए, यही कामना है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए लिखा कि, 'होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है। यह त्योहार हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को आशा से रंगने की प्रेरणा देता है।'
No comments found. Be a first comment here!