नई दिल्ली, 04 जून, (वीएनआई) लोकसभा चुनाव 2024 के आज आए नतीजे के बाद एक बार फिर एनडीए ने हैट्रिक लगाई है। जिसके बाद दिल्ली स्थित बीजेपी दफ्तर में जीत का जश्न मानाने समर्थकों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपा मुख्यालय में स्वागत किया गया। उन्होंने एनडीए की जीत के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शुरुआत 'भारत माता की जय' और 'जय जगन्नाथ' से की। उन्होंने कहा कि आज बड़ा मंगल है। इस पावन दिन एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम जनता जनार्दन के बहुत आभारी हैं। जनता ने देशवासियों का विश्वास जताया है। उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं ने इस चुनाव में रिकॉर्ड मतदान कर अभूतपूर्व उत्साह दिखाया और दुनिया भर में भारत को बदनाम करने वाली ताकतों को आईना दिखाया है। मैं जनता-जनार्दन को विजय के इस पावन पर्व पर आदरपूर्वक नमन करता हूं। उन्होंने आगे कहा, "चुनाव के इस जनादेश के कई पहलू हैं, 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार आई है। राज्यों में जहां भी विधानसभा चुनाव हुए वहां NDA को भव्य विजय मिली है। चाहे अरुणाचल प्रदेश हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो या फिर सिक्किम, इन राज्यों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा ओडिशा में सरकार बनाने जा रही है और लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह पहली बार होगा जब महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। भाजपा ने केरल में भी एक सीट जीती है, हमारे केरल के कार्यकर्ताओं ने बहुत बलिदान दिए हैं। कई पीढ़ियों से वे संघर्ष करते रहे और पीढ़ियों से जिस पल का इंतज़ार किया वह आज आ गया है।
गौरतलब है 18वीं लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो चुकी है। बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। एनडीए को 291 सीटें मिली हैं, जबकि इंडिया ब्लॉक 234 का आंकड़ा छू लिया है।
No comments found. Be a first comment here!